अगर कला की दुनिया में कुछ अलग करना चाहते हैं और ऐसा जज्बा आपके अंदर है तो अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हो जाएं। द नेकचंद फाउंडेशन आपको मंच दे रहा है अपने हुनर को सबके सामने लाने का। इतना ही नहीं चंडीगढ़ के इन हुनरमंद कलाकारों को सर्बिया के म्यूजियम ऑफ नाइयिव एंड मार्जिनल आर्ट जोगोदिना की ओर से तराशा भी जाएगा। अमर उजाला से विशेष बातचीत में द नेक चंद फाउंडेशन के सदस्य और रॉक गार्डन के निर्माता नेकचंद के बेटे अनुज सैनी ने इसकी जानकारी दी।
अनुज ने बताया कि जिस तरह से उनके पिता ने रॉक गार्डन को शहरवासियों से छिपकर 20 सालों की कड़ी मेहनत से तैयार किया था। वे रोजाना साइकिल से रॉक गार्डन के अद़भुत व खूबसूरत आर्ट पीस को बनाने केलिए घंटों मेहनत करते थे। कला के प्रति उनके जैसे जुनून और प्रतिभा रखने वाले आर्टिस्ट की अब सिटी में खोज होगी। जिनको जल्द सर्बिया की धरती पर मंच मिलेगा। इसमें उनका सहयोग द नेक चंद फाउंडेशन देंगे। अनुज सैनी ने बताया कि उनसे म्यूजियम की डायरेक्टर नीना क्रिस्टिक ने इस संबंध में प्रपोजल मांगा है, जिसे वे अब जल्द तैयार करेंगे।
पद्मश्री नेकचंद की कला देखकर बेहद प्रभावित हुई थीं नीना
म्यूजियम ऑफ नाइयिव एंड मार्जिनल आर्ट जोगोदिना की डायरेक्टर नीना क्रिस्टिक को 15 दिसंबर को रॉक गार्डन में नेकंचद जी के जन्मदिन के सेलिब्रेशन समारोह पर आमंत्रित किया गया था। इस विजिट में डायरेक्ट नीना को रॉक गार्डन इतना पसंद आया कि उन्होंने ऐसे युवा आर्टिस्ट को प्रमोट करने का फै सला किया है, जो मास्टर आर्ट पीस बना सकें। अनुज ने बताया कि डायरेक्टर ने अपने देश लौटकर यह इच्छा उनसे मोबाइल फोन से साझा की।
आर्ट कंपीटीशन से करेंगे प्रतिभाशाली आर्टिस्ट की खोज
अनुज सैनी ने बताया कि सिटी में प्रतिभाशाली आर्टिस्ट की कमी नहीं है। बस उनको एक मंच की जरूरत है, जो रॉक गार्डन फाउंडेशन की ओर से अब उनको दिया जाएगा। इसके लिए फाउंडेशन की ओर से भविष्य में आर्ट कंपीटीशन और वर्कशाप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें इन आर्टिस्ट की खोज की जाएगी। कंपीटीशन से शार्टलिस्ट किए जाने वाले आर्टिस्ट को वर्कशॉप के जरिए निखारा जाएगा। इसके बाद चयनित आर्टिस्ट को सर्बिया के इस म्यूजियम में वर्कशॉप के लिए भेजा जाएगा।
सर्बिया की आर्ट गैलरी में सजाए गए है रॉक गार्डन के 30 मास्टर पीस
डायरेक्टर नीना ने रॉक गार्डन की कला को देखने के लिए फाउंडेशन के सदस्य अनुज सैनी को अक्टूबर के पहले सप्ताह में सर्बिया में आमंत्रित किया था। इस विजिट के दौरान रॉक गार्डन के 30 मास्टर पीस को यहां डिस्पले भी किया गया है। आर्टिस्ट अनुज ने यहां अपने पिता की इस अद्भुत कला से सर्बिया के आर्टिस्ट को टॉक शो केदौरान अवगत भी करवाया था।