चंडीगढ़। शातिरों ने दो लोगों से करीब 25.34 लाख रुपये ठग लिए। दोनों मामलों में शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जाचं शुरू कर दी है। पहले मामले में शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले अपना पुराना मोबाइल नंबर बंद कर दिया था और वह नंबर उनके बैंक खाते से जुड़ा हुआ था। 8 अप्रैल से 20 मई के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके पुराने नंबर से बैंक खाते से करीब 7.81 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिए। पीड़िता जब बैंक में गईं और खाते की डिटेल खंगाली तो ठगी का खुलासा हुआ। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 419, 420, 120-बी के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं, दूसरे मामले में सेक्टर-49 एसबीआई सोसायटी निवासी संदीप गुप्ता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में आईपीसी 419, 420, 120-बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ समय पहले उन्हें फेसबुक के जरिए स्टॉक मार्केट एडवांस कोर्स का एक ऐड मिला, जिस पर उन्होंने क्लिक किया। क्लिक करने के बाद एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप ग्रुप का मैसेज आया और वह ग्रुप में जुड़ गए। इसके बाद उसे स्टॉक मार्केट में निवेश करने का लालच दिया गया और इस तरह से उससे पैसे ट्रांसफर करवाए गए। इस तरह उनसे 17.33 लाख रुपये की ठगी की गई।