चंडीगढ़। घर के बाहर गाड़ी खड़ी करने पर शुल्क लगाने के एजेंडे को मेयर सरबजीत कौर ने सदन में लाने से इनकार कर दिया है। मेयर ने निगम की ओर से प्रस्तावित इस एजेंडे को लोगों के हित में न होने का हवाला देकर लौटा दिया। शहर में लगातार इस फैसले का विरोध हो रहा था। वहीं दूसरी ओर इस एजेंडे के आने से विपक्ष भी भाजपा को घेरती इसलिए मेयर ने सभी पार्षदों से सहमति के बाद यह फैसला किया।
मेयर ने बताया कि पहले लोगों को गाड़ियां रखने के लिए जगह देनी पड़ेगी, उसके बाद उनका चालान करना जायज भी है। जब गाड़ियां खड़ी करने के लिए प्रशासन और निगम कोई व्यवस्था नहीं करेगा तो लोग गाड़ी कहां लेकर जाएंगे। इस फैसले को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के साथ भाजपा ने भी विरोध शुरू कर दिया था। जैसे ही निगम की ओर से एजेंडा लाया गया तो इसे लेकर मेयर ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद और पार्षदों के साथ बैठक की। इसमें तय किया गया कि इस एजेंडे को सदन में नहीं लाया जाएगा। प्रशासन की ओर से मिले निर्देश के बाद नगर निगम यह एजेंडा सदन में लेकर आ रहा था।
बॉक्स
सेक्टर-41 की मछली मार्केट की मरम्मत होगा 80.17 से-
सेक्टर-41 स्थित मछली मार्केट की मरम्मत का कार्य नगर निगम 80.17 लाख रुपये से कराने जा रहा है। इसके लिए सदन की बैठक में प्रस्ताव लाया जा रहा है। बैठक में इस बार पिछले माह की बैठक और इस बार के एजेंडे मिलाकर लाए जाएंगे। पिछले माह की बैठक में मेयर की बेटी की तबीयत खराब होने से कोई भी एजेंडे पर चर्चा नहीं हुई थी।