बेअदबी रोधी कानून पर अकाल तख्त की कमेटी से बात करेगी सरकार
श्री अमृतसर के सर्किट हाउस में 18 नवंबर को प्रस्तावित है बैठक
कानून के प्रावधानों पर जताई जा रही आपत्तियों और चिंताओं पर सहमति बनाने की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब में द जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट-2026 के संदर्भ में जारी विवाद के बीच राज्य सरकार की ओर से गठित सात सदस्यीय तालमेल कमेटी 18 नवंबर को श्री अमृतसर में श्री अकाल तख्त साहिब की पांच सदस्यीय कमेटी के साथ बैठक करेगी।
कानून के कुछ प्रावधानों पर जताई जा रही चिंताओं को दूर करने और सिख समुदाय की भावनाओं के अनुरूप सहमति बनाने के उद्देश्य से यह बैठक बुलाई गई है।
शुक्रवार को चंडीगढ़ में तालमेल कमेटी की चौथी बैठक हुई। इसके बाद कमेटी के सदस्यों ने बताया कि 18 नवंबर को दोपहर 12 बजे श्री अमृतसर के सर्किट हाउस में पहुंचकर अकाल तख्त साहिब की पांच सदस्यीय कमेटी के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। इस संबंध में अकाल तख्त साहिब की ओर से गठित सिख विद्वानों की कमेटी के समन्वयक को पत्र भी भेजा गया है। तालमेल कमेटी ने पांच सदस्यीय कमेटी से प्रस्तावित बैठक में शामिल होने और सहयोग करने की अपील की है।
कमेटी के सदस्यों ने कहा कि कानून में जरूरी संशोधनों को लेकर बातचीत के लिए वे तैयार हैं। इस संवेदनशील मसले का समाधान आपसी संवाद और सहमति से निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। बैठक में विभिन्न पक्षों के सुझावों और दृष्टिकोणों पर गंभीरता से विचार करने की बात भी कही गई।
दरअसल, श्री अकाल तख्त साहिब ने 31 जुलाई को पत्र लिखकर पंजाब सरकार को सूचित किया था कि कानून पर विचार-विमर्श और सहमति बनाने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। साथ ही सरकार से इस कमेटी के साथ संपर्क स्थापित करने को कहा गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने सात सदस्यीय तालमेल कमेटी का गठन किया था। अब दोनों कमेटियों के बीच प्रस्तावित बैठक को कानून के प्रावधानों पर सहमति बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
ये हैं तालमेल कमेटी के सदस्य
राज्य सरकार की ओर से गठित सात सदस्यीय कमेटी में श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह, दमदमी टकसाल के प्रमुख संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा, संत बाबा सेवा सिंह रामपुर खेड़ा, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) जसपाल सिंह, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) गुरबीर सिंह, सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी जतिंदर सिंह औलख और लॉ ऑफिसर प्रीत इंदर पाल सिंह शामिल हैं। पीसीएस अधिकारी हरजीत सिंह संधू को कमेटी का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।