चंडीगढ़। रक्षाबंधन के दिन चचेरे भाई को राखी बांधने के लिए सेक्टर-26 स्थित घर से निकली 14 वर्षीय किशोरी लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाशा लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। फिर पुलिस को शिकायत दी गई। अब सेक्टर-26 थाना पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज किया है।
किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि उसके पति लकड़ी का काम करते हैं। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें से बड़ी बेटी 19 अगस्त को मौसी के लड़के को राखी बांधने के लिए निकली थी लेकिन शाम तक घर नहीं आई। तलाशते हुए वह उसकी मौसी के घर पहुंचे तो वहां भी नहीं मिली। पहले भी वह दो बार घर से गायब हो चुकी है। इस बीच एक अज्ञात नंबर से उसने फोन कर बताया कि वह लखनऊ वाली गाड़ी में बैठी है और यमुनानगर पहुंच गई है। उसके पास वापस आने के लिए पैसे नहीं हैं। इसके बाद उससे दोबारा संपर्क नहीं हो सका। परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर किशोरी की लोकेशन खंगाल रही है।