चंडीगढ़। सेक्टर-43ए में चोर बंद मकान से लाखों की ज्वैलरी, कीमती सामान और नकदी चुरा ले गए। सेक्टर-36 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शिकायतकर्ता संदीप कुमार ने बताया कि बीते 15 अगस्त को वह परिवार के साथ पंजाब के होशियारपुर स्थित गांव सीकरी स्थित रिश्तेदारी में गया था। वह घर की देखभाल के लिए अपनी मौसी के लड़के को छोड़कर गया था, जो जीपीओ सेक्टर-17 में नौकरी करता है। सोमवार को मौसी के लड़के ने फोन कर बताया कि घर में अलमीरा का दरवाजा खुला पड़ा था और सारा सामान बेड पर बिखरा पड़ा था। इसकी सूचना पाते ही परिवार पंजाब से घर पहुंचा तो देेखा कि कमरों में सारा सामान बिखरा था। इसमें 6 तोले का सोने का तीन हार, कानों की 12 बालियां, पांच तोले की पांच चेन, पांच तोले के दो मंगलसूत्र, सोने की 8अंगूठियां, बच्चे का सोने का एक कड़ा, 6 जोड़े सोने के कड़े और करीब 500 ग्राम वजनी 8 जोड़ी चांदी की पायल सहित करीब 20 हजार रुपये की नकदी गायब थी। सूचना पाकर स्थानीय थाना पुलिस व एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। वहीं पुलिस को घर के आसपास की कुछ सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फोटो 01: चोरी के बाद बैैड पर बिखरा पड़ा सामान। स्त्रोत: संवाद