-जमानत को बताया सरकारी लापरवाही का नतीजा, राजनीतिक बदले की कार्रवाई का आरोप
-
अमृतसर। आम आदमी पार्टी से निलंबित विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने कहा है कि बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति का मामला अदालत में टिकने वाला नहीं है। सोशल मीडिया पर लाइव होकर उन्होंने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया और कहा कि इस केस को ड्रग्स मामले से जोड़कर भ्रम फैलाया जा रहा है।
कुंवर विजय प्रताप ने स्पष्ट किया कि ड्रग्स से जुड़ा केस दिसंबर 2021 में कांग्रेस सरकार के दौरान दर्ज हुआ था, जब मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी थे। यह एफआईआर आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से पहले पंजाब स्टेट क्राइम सेल में दर्ज की गई थी। इसके विपरीत आय से अधिक संपत्ति का मामला करीब सात महीने पहले दर्ज किया गया, जिसे उन्होंने कमजोर और बदले की भावना से प्रेरित बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि मार्च 2022 में भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी ड्रग्स केस में न तो प्रभावी पूछताछ हुई और न ही समय पर चालान पेश किया गया। इसी सरकारी लापरवाही के चलते 10 अगस्त 2022 को मजीठिया को जमानत मिली। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट में सरकारी वकील तक यह स्पष्ट नहीं कर पाए कि रिमांड चाहिए या चालान दाखिल करना है।
कुंवर ने कहा कि मजीठिया को मिली जमानत सुप्रीम कोर्ट का आदेश है, जो सार्वजनिक दस्तावेज है और उस पर सवाल उठाना जनता का अधिकार है। उन्होंने मजीठिया की पत्नी के साथ कथित बदसलूकी पर भी आपत्ति जताई और कहा कि कानून के तहत अपराधी को सजा मिलनी चाहिए, परिवार को नहीं।