चंडीगढ़। सेक्टर-51 निवासी जगीर सिंह के साथ उनकी बहू ने मायके वालों के साथ मिलकर अपने पति के पास यूएसए जाने के लिए करीब 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। एसएसपी के आदेश पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आरोपी बहू, उसके परिजनों व एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में जगीर सिंह ने बताया कि उनके बेटे तरपिंदर जोत सिंह की शादी 3 जुलाई 2023 को गुरप्रीत कौर के साथ चंडीगढ़ में हुई थी। उनका बेटा यूएसए में ग्रीन कार्ड धारक है। वह पिछले लंबे समय से वहीं रहता है। उसकी शादी में उन्होंने करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए थे। शादी के बाद बेटा वापस यूएसए चला गया, जबकि बहू उनके साथ रह रही थी। बहू के परिजनों ने शादी के कुछ दिनों बाद ही कहना शुरू कर दिया कि उनकी बेटी गुरप्रीत को भी यूएसए भेजो। ससुर ने बहू के मायके वालों को कहा कि उसका बेटा ग्रीन कार्ड धारक है, इसलिए उसे उचित चैनल के माध्यम से भेजा जाएगा। इस बारे में दोनों पक्षों के बीच में शादी से पहले ही बातचीत के चलते सहमति हो गई थी लेकिन मायके पक्ष वालों ने उन पर गुरप्रीत को यूएसए भेजने के लिए विभिन्न तरीकों से दबाव डालना शुरू कर दिया और कानूनी तरीके भी अपनाए। उन्होंने दबाव में आकर उनके बताए गए जालंधर के एजेंट को 45 लाख रुपये दे दिए। कुछ दिनों बाद ही मायके वाले उनके घर आए और गुरप्रीत कौर को अपने साथ यूएसए भेजने के लिए ले गए। गुरप्रीत कौर जाते-जाते अपनी सास से पांच लाख रुपये नकद लेकर चली गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी जब यूएसए में अपने बेटे के साथ बातचीत हुई तो पता चला कि उनकी बहू तो वहां उसके पास पहुंची ही नहीं है।