मनीमाजरा। पुलिस ने रविवार को घर से लापता हुए बच्चे की सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में बच्चा खोजकर परिवार को सौंप दिया था। हालांकि बच्चा दोपहर ढाई बजे से लापता था, पर बच्चे के लापता होने पर पिपलीवाला टाउन के मकान नंबर 225 में रहने वाले पिता प्रवीण कुमार ने रात 11 बजे पुलिस को सूचना दी कि उसका बेटा राजेंद्र कुमार उर्फ राहुल (13) लापता हो गया है। बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही मनीमाजरा थाना प्रभारी नीरज सरना ने तुरंत कर्मचारियों को अलर्ट करके अलग-अलग टीमें बनाकर बच्चे को खोजना शुरू कर दिया। पुलिस की तत्परता के चलते पुलिस ने 11.38 मिनट पर बच्चे राहुल को खोजकर उसके पिता के हवाले कर दिया था। बच्चा एडिशनल एसएचओ गुरविंदर सिंह को शिवालिक गार्डन चौराहे से इंदिरा कॉलोनी की सड़क पर 11:15 जाता हुआ मिल गया। वह उसे थाने लाए और परिवार को बच्चा सौंप दिया। इस पर पिता प्रवीण कुमार और परिवार ने पुलिस टीमों के साथ थाना प्रभारी नीरज सरना का आभार जताया। वहीं ऑल मनीमाजरा वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान एसएस परवाना ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों और थाना प्रभारी को सम्मानित किया जाएगा, क्योंकि उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस के स्लोगन ‘वी केयर फॉर यू’ को सच कर साबित कर दिखाया है। संवाद