अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के नशा मुक्ति मोर्चा के मुख्य प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने कहा कि जब तक पंजाब पूरी तरह नशा मुक्त नहीं हो जाता, तब तक सरकार की जंग जारी रहेगी। बुधवार को प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि नशा विरोधी अभियान के दूसरे चरण में प्रदेशभर में 9 हजार से अधिक पदयात्राएं निकाली गईं, जिनमें करीब एक लाख कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
पन्नू ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नशा मुक्ति मोर्चा की टीम को माझा, दोआबा और मालवा के पांच जोनों में विभाजित किया गया है। नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हर गांव और वार्ड तक पहुंच बनाई जा रही है। लोगों से शपथ दिलाई जा रही है कि वे न तो नशा करेंगे और न ही नशा तस्करों का समर्थन करेंगे। उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि दोआबा में 1969, माझा में 1930, मालवा केंद्रीय में 1395, मालवा पूर्वी में 2167 और मालवा पश्चिमी में 1618 पदयात्राएं आयोजित की गईं। पन्नू ने बताया कि नशा तस्करों की सूचना देने के लिए एक समर्पित मोबाइल ऐप पूरी तरह सक्रिय है, जिसका उपयोग केवल मोर्चा के सदस्य कर सकते हैं।