चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है। रविवार रात चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री के काफिले में बिना हेलमेट लगाए एक बाइक सवार घुस गया। पुलिस ने उसे रोकने की काफी कोशिश की लेकिन उसने एक न सुनी। इस बीच वह काफिले में आ रही गाड़ी के नीचे आने से भी बचा। पुलिस ने उसे केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-8 निवासी विनोद कुमार (31) के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में मेडिकल करवाया, जहां आरोपी के शराब पीने की पुष्टि हुई। इस दौरान आरोपी ने एक सिपाही से अभद्रता भी की। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को एसडीएम के समक्ष पेश किया जहां से उसे जमानत पर छोड़ दिया गया। सेक्टर-3 थाने के कार्यवाहक प्रभारी एसआई लखविंदर सिंह ने बताया कि सोमवार की रात को मुख्यमंत्री मनोहर लाल का काफिला उनके आवास की ओर जा रहा था। रात करीब 9 बजे बाइक चालक विनोद कुमार हीरा सिंह चौक की तरफ से सेक्टर-4/5/8/9 चौक की तरफ आ रहा था। पीसीआर के सिपाही ने उसे हीरा सिंह चौक पर रोकने की कोशिश की लेकिन उसने बिना कुछ सुने बाइक भगा दी और कुछ दूर जाकर सड़क किनारे गिर पड़ा। पुलिस ने बताया कि उसी दौरान सीएम का काफिला निकल रहा था। आरोपी सड़क की तरफ गिरता तो काफिले में जा रही गाड़ियां उस पर चढ़ सकती थीं। आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह डर गया था। उसे लगा पुलिस चालान काटने के लिए उसे रोक रही है।