चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के छात्रावासों का माहौल और बेहतर होगा। अब यहां विद्यार्थियों की कमेटियां खुद ही अपनी समस्याओं का समाधान करेंगी। साथ ही कोई भी कार्य छात्रावासों में करवाना होगा तो उसकी सूची भी यह कमेटियां वार्डन के जरिए आगे उच्चाधिकारियों तक भिजवाएंगी।
पीयू में छात्रावासों की संख्या 20 से अधिक है। कुछ छात्रावासों में छात्रों व छात्राओं को अध्यक्ष व सचिव की जिम्मेदारी दी गई थी। वह छात्रावास के विद्यार्थियों की मदद करते थे। उनकी ओर से किया गया कार्य सराहनीय रहा और पीयू प्रशासन तक विद्यार्थियों की शिकायतें भी अधिक नहीं पहुंची।
सूत्रों का कहना है कि पीयू को लगा कि ये कमेटियां आगे भी संचालित होनी चाहिएं ताकि छात्रावासों में माहौल बेहतर बना रहे और विद्यार्थी मिलजुलकर रहें। हर छात्रावास में पांच विद्यार्थियों की कमेटी बनाई जाएगी। यह कमेटी हर दिन व सप्ताह की रिपोर्ट भी वार्डन को देगी। छात्रों की समस्याओं को भी अधिकारियों तक पहुंचाने का काम करेगी। छात्रावासों में यदि कोई कार्य होना है या विद्यार्थियों को सुविधाओं की आवश्यकता होगी तो वह भी वार्डन को वे ही बताएंगे।