चंडीगढ़। बीते सोमवार को सेक्टर-27सी स्थित पाल स्वीट एंड डेयरी ढाबा में काम करने वाले अर्जुन की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को उसके साथी आरोपी बुद्धि लाल उर्फ गुल्लू को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं अर्जुन के शव का पुलिस ने जीएमएसएच 16 में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने आईपीसी 302 (हत्या) और 201 (सबूत मिटाने) की धारा के तहत मामला दर्ज किया था।
सोमवार सुबह करीब 10.15 बजे पुलिस की सूचना मिली थी कि सेक्टर 27सी स्थित बूथ नंबर 19/7 के पास एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा है। सेक्टर-26 थाना प्रभारी नरेंद्र पटियाल समेत टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में व्यक्ति मजदूर वर्ग का लग रहा था। पुलिस की अलग-अलग टीमें मार्केट के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने में जुट गई। पुलिस जांच में सामने आया था कि मृतक का नाम अर्जुन है और वह सेक्टर- 27 के ही पाल एंड स्वीट डेयरी ढाबे में काम करता है। इसके बाद पुलिस ने पाल ढाबे के मालिक अनुराग का बयान दर्ज किया।
पुलिस ने जब आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला तो मामला साफ हो गया। सुबह 4:28 बजे एक संदिग्ध युवक मुंह पर कपड़ा बांधे अर्जुन के शव के साथ कुछ छेड़छाड़ कर रहा था। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर पाल ढाबा मालिक से संदिग्ध की पहचान करवाई। इसके बाद सामने आया कि उनकी दुकान पर काम करने वाला बुद्धि लाल उर्फ गुल्लू दुकान से गायब है। पुलिस ने शक के आधार पर अर्जुन के साथी वर्कर बुद्धि लाल उर्फ गुल्लू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। मामले का खुलासा होने पर उसे गिरफ्तार किया गया था।