चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल की विशाल उद्यमशीलता क्षमता और सफलता को पेश करने, तलाशने और प्रदर्शित करने के उद्देश्य से टाईकॉन चंडीगढ़ का 9वां एडिशन दो मार्च से शुरू होगा। उत्तर भारत के सबसे बड़े आंत्रप्रेन्योर कॉन्क्लेव के रूप में टाइकॉन में देश के कई नामी उद्योगपति चंडीगढ़ पहुचेंगे और लोगों को बिजनेस के टिप्स देंगे। इस बार का थीम ''बिल्डिंग ग्लोबल थ्रस्ट'' है। वक्ताओं में पब्लिक लीडर्स, नेता, राजनयिक, उद्यमी, इकोसिस्टम निर्माता, देश के जाने माने उद्यमी, सलाहकार, इनोवेटर्स, निवेशक, स्टार्टअप, शिक्षाविद्, पत्रकार, नीति निर्माता शामिल हैं। इसका आयोजन हयात रीजेंसी में विभिन्न सेशंस में होगा। इसमें लाइफस्टाइल के सह-संस्थापक और सीएमओ अमन गुप्ता, अंकुर वारिकू, इंश्योरेंस देखो के अंकित अग्रवाल, हरपाल एस सोखी, मनीष चौधरी, हरजिंदर कंग, जेनिफर ड्यूबेनी समेत अन्य शामिल होंगे।
टीआईई चंडीगढ़ के प्रेसिडेंट हरित मोहन ने कहा कि हमारा देश तेजी से हो रही ग्रोथ के लिए तैयार है। बताया कि कार्यक्रम में पंजाब के अतिरिक्त मुख्य सचिव तेजवीर सिंह, सीईओ इन्वेस्ट पंजाब डीपीएस खरबंदा भी उपस्थित रहेंगे। टीआईई चंडीगढ़ के पूर्व प्रेसिडेंट रॉबिन अग्रवाल ने कहा कि वे सीड फंडिंग, ब्याज सब्सिडी, लीज रेंटल सब्सिडी जैसे व्यापक प्रोत्साहनों पर पंजाब में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए स्टार्टअप पंजाब के साथ जुड़े हुए हैं।
टीआईई चंडीगढ़ चैप्टर के वाइस प्रेसिडेंट सतीश के अरोड़ा ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य उभरते स्टार्टअप को मार्गदर्शन प्रदान करना है। टीआईई चंडीगढ़ के संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पुनीत वर्मा ने कहा कि इस बार सेशंस की एक दिलचस्प सीरीज है जो थीम पर आधारित हैं। इस वर्ष भारत और विदेश में कई टीआईई चैप्टर्स के प्रेसिडेंट टाइकॉन चंडीगढ़ में भाग लेंगे। टीआईई ग्लोबल लीडर्स - ग्लोबल के चेयरमैन अमित गुप्ता और टीआईई ग्लोबल के वाइस चेयरमैन मुरली बुकापट्टनम भी टीआईई और इसके मेंडेट के बारे में जानकारी देने के लिए सम्मेलन के दौरान उपस्थित रहेंगे।