चंडीगढ़। देशहित को आगे रखते हुए चंडीगढ़ सब-ऑर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन इंटक ने वर्करों के हकों के लिए 98 दिनों से चलती आ रही भूख हड़ताल को 31 मार्च तक स्थगित कर दिया है। मंगलवार को फेडरेशन इंटक की वर्किंग कमेटी की मीटिंग सेक्टर 25 रैली ग्राउंड में हुई। इसमें फैसला लिया गया कि चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से कोरोना वायरस को लेकर चंडीगढ़ में देर रात 24 से 31 मार्च तक कर्फ्यू लगाने के आदेश दिए गए। उसका फेडरेशन पूरा समर्थन करती है। पिछले 98 दिनों से जो वर्करों के हकों के लिए सेक्टर 25 रैली ग्राउंड में क्रमिक भूख हड़ताल 17 दिसंबर 2019 से चल रही थी, उसको कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए 31 मार्च तक स्थगित किया गया है। 31 मार्च के बाद 2 अप्रैल 2020 को सेक्टर 25 रैली ग्राउंड में फेडरेशन की वर्किंग कमेटी की मीटिंग कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। फेडरेशन के कन्वीनर राकेश कुमार ने बताया कि देशहित को आगे रखते हुए फेडरेशन ने यह फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि हम सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन से मांग करते हैं कि वर्करों की जायज मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन वर्कर विरोधी रवैया छोड़कर वर्कर के हित में सोचें। हम उम्मीद करते हैं कि सरकार और प्रशासन इसको गंभीरता से लेगा।