मोहाली। सनेटा गांव के पास वीरवार को चंडीगढ़ नंबर की लाल महिंद्रा थार पुल से सीवरेज नाले में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी चला रहा सेक्टर-11 निवासी तेज प्रताप सिंह घायल हो गया, हालांकि उसकी हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। नाले में गिरने के बाद थार पलट गई थी, लेकिन चालक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया। डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल ने हादसे की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सनेटा गांव के पास पुल से सीवरेज नाले में लाल थार गिरी थी। हादसे में चालक को चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर सनेटा पुलिस पोस्ट के इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार, तेज प्रताप सिंह इलाके की एक निजी विश्वविद्यालय में छात्र है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे से पहले थार तेज रफ्तार में थी। पुलिस के अनुसार, मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया था। इसी कारण गाड़ी पुल से नीचे नाले में जा गिरी। एक चश्मदीद ने बताया कि हादसे से पहले वाहन तेज गति से चल रहा था। पुलिस चश्मदीद के बयान की भी जांच कर रही है। हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।