मनीमाजरा। युगल निकुंज मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और उल्लास से मनाई गई। साध्वी उमा सारथी महाराज की अध्यक्षता में हुए आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया और वृंदावन से लाई विशेष पोशाक में ठाकुर जी का शृंगार किया गया। सुबह-शाम संकीर्तन हुए, जबकि रात में राधा-कीर्तन मंडल ने हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत किया। शालिग्राम भगवान का पंचामृत अभिषेक भी किया गया। मंदिर प्रवक्ता अंकित अरोड़ा ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, प्रेम और कर्म की प्रेरणा देता है। श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर उत्साह जताया।