मनीमाजरा। अगर कोई आप की गाड़ी के पास आकर कहे कि आप की गाड़ी से तेल लीक हो रहा है या फिर आपकी गाड़ी के नीचे आपके पैसे गिरे हुए हैं तो यह आपको फंसाने की चाल हो सकती है। इसकी आड़ में ठक-ठक गैंग आपकी गाड़ी के अंदर रखा कीमती सामान या रुपये लेकर फरार हो सकता है, इसलिए सावधान रहें। यह अपील चंडीगढ़ पुलिस ने शहरवासियों से की है।
बता दें कि शहर में ठक-ठक गैंग सक्रिय है। बीते दिनों में कई वारदातें हो चुकीं हैं। बीते बुधवार को भी सेक्टर-8 में वाहन चालक को इस गिरोह ने निशाना बनाया था। इससे पहले मनीमाजरा के ओल्ड रोपड़ रोड पर एक सराफ और कलाग्राम के पास पेट्रोल पंप के नजदीक पंचकूला के एक व्यापारी को भी गिरोह अपना शिकार बना चुका है। दोनों ही मामलों में गिरोह के सदस्य कार से पैसों से भरा बैग लेकर चंपत हो गए। हालांकि मनीमाजरा थाना पुलिस ने गिरोह के कुछ सदस्यों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया था। अब ऐसे कुछ अन्य संदिग्ध सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हैं। मनीमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज सरना ने एक विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है और लोगों को इस गिरोह से बचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि यह गिरोह ज्यादातर शाम के समय दुकानें बंद घर जा रहे दुकानदारों, व्यापारियों और बैंक से निकलने वाले लोगों को निशाना बना रहा है। ऐसे में शहरवासी सतर्क रहें।