फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाबी गीतों पर झूमीं सांसद व पार्षद, झूला झूलकर मनायी तीज

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। रामदरबार स्थित कैक्टस गार्डन में नगर निगम की ओर से रविवार को तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि सांसद किरण खेर के साथ मेयर राजेश कालिया व सभी पार्षदों ने पंजाबी गीतों पर जमकर धमाल किया। इसके बाद मेयर संग पार्षदों ने भी झूला झूलकर तीज महोत्सव का आनंद उठाया।
विज्ञापन

नगर निगम ने तीज महोत्सव के लिए अच्छी तैयारी कर ली थी। मंच से लेकर पांडाल और खाने की व्यवस्था भी एकदम चौकस थी, लेकिन शनिवार से लगातार हो रही बारिश ने रंग में भंग डाल दिया। बारिश केकारण गार्डन में काफी कीचड़ हो गया। लोगों को चलने में भी काफी समस्या हो रही थी, लेकिन कार्यक्रम को लेकर उत्साह कम नहीं था। पंडाल पूरी तरह से लोगों से भरा हुआ था। बारिश के कारण कार्यक्रम भी थोड़ी देर से ही शुरू हो सका। शाम 6 बजे सांसद किरण खेर कार्यक्रम में सम्मिलित होने पहुंचीं। पार्षदों ने फूल देकर सांसद का स्वागत किया। इसके बाद आर्ट एंड कल्चर कमेटी की अध्यक्ष पार्षद सुनीता धवन सांसद, कमिश्नर केके यादव सहित सभी पार्षदों और अधिकारियों का स्वागत किया। इसके बाद सांसद को शॉल और घेवर देकर मेयर, कमिश्नर व पार्षदों ने तीज की बधाई दी। सांसद ने भी मेयर की पत्नी रेनू व पार्षद भरत कुमार की पत्नी को घेवर व शॉल देकर सम्मानित किया। इसके बाद सांसद ने लोगों को तीज की बधाई दी। लगभग 20 मिनट कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद सांसद चलीं गईं।
कीचड़ में ही खिलता है कमल : सांसद
सांसद किरण खेर गार्डन में पहुंचीं तो देखा कि काफी कीचड़ है। लोगों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि आज यहां का माहौल देखकर विश्वास हो गया कि कमल कीचड़ में ही खिलता है। बारिश में भी लोग कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं। इससे स्पष्ट है कि भाजपा शासनकाल में उनके सपने पूरे हो रहे हैं। कांग्रेस के कार्यकाल में मुझे कभी नहीं बुलाया गया। इसलिए लोगों से मेरी दूरी रही। पूर्व मेयर व वर्तमान पार्षद के कार्यकाल में हली बार तीज महोत्सव के कार्यक्रम में आप लोगों से मिलने का मौका मिला। ये मुलाकात का सफर ऐसे ही चलता रहे।
विज्ञापन

अगली बार घेवर नहीं जेवर देना
तीज महोत्सव में शामिल होने पहुंचीं सांसद भी खूब मजाक के मूड़ में दिखीं। जैसे ही उन्हें घेवर व शॉल भेंट किया गया तो मजाक करते हुए पार्षद व मेयर से बोलीं- अगली बार मुझे घेवर नहीं जेवर देना। यह सुनते ही वहां खड़े सभी लोग भी ठहाके मारकर हंसने लगे।
रामदरबार को हाईटेक सामुदायिक भवन व स्टेडियम की सौगात
पार्षद भरत शर्मा ने सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार जिद करके तीज महोत्सव का कार्यक्रम रामदरबार में आयोजित कराया है। सांसद के सहयोग से रामदरबार को जल्द ही एक हाईटेक सामुदायिक केंद्र व स्टेडियम मिलने वाला है, जिससे यहां के लोगों को तो सुविधा मिलेगी ही साथ ही बच्चों के लिए खेल केक्षेत्र में बेहतर अवसर मिलेंगे।
मेयर की गाड़ी से निकला धुंआ, मचा हड़कंप
सांसद के जाते ही मेयर की गाड़ी को गार्डन से बाहर निकाला जा रहा था कि गाड़ी के पीछे के दोनों पहिए कीचड़ में फंस गए। गाड़ी को निकालने का प्रयास चल ही रहा था कि गाड़ी से अचानक काफी धुंआ निकलने लगा। यह देख वहां मौजूद पुलिसकर्मी व फायरब्रिगेड के कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। गाड़ी को तत्काल बंद करके सभी दरवाजे खोल दिए गए। बाद में इंजन ठंडा होने पर धक्का लगाकर गाड़ी बाहर निकाली।
पूरे गार्डन में फूलों से सजे झूलों पर ढूलते रहे बच्चे
तीज महोत्सव पर गार्डन में पहले से लगे झूलों और कुछ नए झूलों को फूलों से सजाया गया था। गार्डन में जहां नजर जा रही थी वहां बच्चे झूलते नजर आ रहे थे। बच्चों ने आयोजन में खूब मौजमस्ती की। गार्डन का माहौल देखकर समझा जा सकता था कि सावन अभी चल बीता नहीं बल्कि चल रहा है।
यह लोग प्रमुख रूप से रहे मौजूद
पार्षद रविकांत शर्मा, गुरप्रती सिंह, चंद्रवती शुक्ला, आशा जायसवाल, शक्ति प्रकाश देवशाली, राजबाला मलिक, महेश इंदर सिंह, जगतार सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा नॉमिनेटेड पार्षद हाजी मोहम्मद खुर्शीद अली, शिप्रा बंसल, जनरल एमएस कांडल मौजूद रहे।
फोटो सहित
जादू से शुरू हुआ कार्यक्रम, गिद्दा में मचाया धमाल
तीज महोत्सव कार्यक्रम में जादूगर प्रदीप कुमार ने लोगों को हैरतंगेज जादू दिखाया। इसके बाद कलाकारों ने पंजाबी व हरियाणवी गानों पर लोगों को डांस करने के लिए मजबूर कर दिया। क्या पार्षद और क्या आम लोग, सभी कार्यक्रम में मस्ती कर रहे थे। इसके बाद गिद्दा, भंगड़ा, पंजाबी व हरियाणवी फोक डांस, ढोल बीट्स करके लोगों ने धमाल मचाया। बच्चों के लिए भी मंच से काफी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें