चंडीगढ़। पिछले साल 10 सितंबर को शहर के सेक्टर-10 की कोठी नंबर-575 में हुए हैंड ग्रेनेड बम ब्लास्ट की जिम्मेदारी लेने वाले यूएसए बेस्ड आतंकी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया उर्फ जोरा के खिलाफ एनआईए की स्पेशल कोर्ट ने गैर जमानती अरेस्ट वारंट जारी कर दिए हैं। एनआईए की जांच टीम ने तर्क दिया है कि पंजाब पुलिस की मदद से आतंकी के पंजाब में घर पर कई बार नोटिस भेजे गए हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया गया। यह भी पता चला है कि आतंकी पासिया आस्ट्रेलिया में छिपा बैठा है, इसलिए कोर्ट ने उसके खिलाफ यह कदम उठाया है। वहीं, एक दिन पहले ही 8 जनवरी को एनआईए ने आतंकी पासिया पर पांच लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-10 कोठी नंबर-575 में पिछले साल 10 सितंबर की शाम हैंड ग्रेनेड फेंककर बम ब्लास्ट करने के मामले में हैप्पी पासिया ने ही सोशल मीडिया में पोस्ट वायरल करके इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी ली थी। उसने लिखा था कि नकोदर विच 1986 दे वेले शहीद किते सिंघा नुं याद कर दिया अज सेक्टर-10 कोठी नंबर-575 ब्लॉक-डी में ग्रेनेड हमला करके पंजाब पुलिस के पूर्व एसपी गुरकीरत सिंह चहल नु उसदे गनमैन दे नाल बम के साथ उड़ा के उसदी बनदीं सजा दिती गई ऐ। पूर्व एसएसपी चहल को मारने के लिए ही यह धमाका करवाया गया था, क्योंकि इस ब्लास्ट से करीब दो साल पहले तक वह इसी कोठी में किराए पर रहते थे। लेकिन इस ब्लास्ट के समय वह इस कोठी में नहीं रहते थे।
रिंदा-पासिया करवाते हैं टारगेट किलिंग
सेक्टर-10 की कोठी में हैंड ग्रेनेड बम ब्लास्ट के कुछ घंटे बाद जब सोशल मीडिया में हैप्पी पासिया के नाम से इसकी जिम्मेदारी लेने की पोस्ट वायरल हुई तो जांच एजेंसियों के भी कान खड़े हो गए थे। जब जांच एजेंसियों ने पोस्ट डालने पर हैप्पी का आपराधिक रिकॉर्ड निकाला तो पता चला कि वह पाकिस्तान में बैठे आतंकी हरविंदर रिंदा के साथ मिलकर टारगेट किलिंग का काम करता है। रिंदा और हैप्पी ने वर्ष 2023 में चंडीगढ़ व पंजाब में कई लोगों की हत्या के लिए कुछ युवकों को टारगेट भी दिया था। बाकायदा स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने पिछले साल मोहाली से चार युवकों को भी गिरफ्तार किया था जिन्होंने रिमांड के दौरान टारगेट किलिंग का खुलासा किया था। इस दौरान भी पासिया का नाम सामने आया था। इसके अलावा हाल ही में पंजाब के थाने-चौकियों पर हुए बम हमलों की जिम्मेदारी भी पासिया ने ही ली थी।