मनीमाजरा। मेन बाजार में रविवार को एक लावारिस कुत्ते ने एक व्यक्ति को काट लिया। इससे बाजार के सभी व्यापारियों और आने-जाने वालों लोगों के मन में भय का माहौल बना गया। बता दें कि पिछले रविवार को भी शाम 4 बजे एक लावारिस कुत्ते ने 40 वर्षीय दीनदयाल को काट लिया था। उस समय इसकी शिकायत चंडीगढ़ यूथ एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकित अरोड़ा ने डॉग इंस्पेक्टर से की थी, लेकिन डॉग इंस्पेक्टर ने रविवार को छुट्टी का हवाला देते हुए सोमवार को कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी डॉग इंस्पेक्टर ने कोई कदम नहीं उठाया। ऐसे में रविवार को दोबारा उसी लावारिस कुत्ते ने दोपहर सवा तीन बजे के करीब 30 वर्षीय रामपाल को काट लिया। मेन बाजार के दुकानदार धर्मवीर कोमल, मुकेश बंसल, पवन पुरी, रविकांत व्यास, गगन मनचंदा और अकुंर अग्रवाल का कहना है कि रोज जब वह घर से दुकान खोलने आते हैं तो यह लावारिस कुत्ते कभी शटर, कभी सड़क पर गंदगी करके बैठे रहते हैं। इसके अलावा इन कुत्तों के आतंक से ग्राहक भी दुकानों पर आने से कतराते हैं।