चंडीगढ़। शहर के विभिन्न कॉलेजों और पंजाब यूनिवर्सिटी के दस एनएसएसएस स्वयंसेवकों का चयन प्री-रिपब्लिक डे परेड के लिए किया गया है। इन सभी का चयन एनएसएस सेल, चंडीगढ़ ने इनकी प्रतिभा को देखते हुए किया है। स्टेट लायजन अफसर बिक्रम राणा ने मंगलवार को चयनित स्वयंसेवकों के नामों की घोषणा की। इसमें 5 लड़कियां और 5 लड़के शामिल हैं।
शहर के इन दस स्वयंसेवकों को रिपब्लिक डे पर राजपथ पर परेड के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण शिविर दिल्ली स्थित इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी में एक से दस दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान स्वयंसेवकों के प्रदर्शन के अनुसार सिर्फ एक या दो का ही राजपथ पर परेड के लिए चयन किया जाएगा। ये सभी स्वयंसेवक दूसरे राज्यों के एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ प्रशिक्षण लेंगे।
हरफनमौला स्वयंसेवक का होता है चयन
डीएवी कॉलेज-10 के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुमन कपूर ने बताया कि उनके कॉलेज से सागर रॉय का चयन हुआ है। राजपथ पर परेड के लिए परेड के साथ विद्यार्थियों के सभी गुणों को परखा जाता है। इसमें चयन के लिए विद्यार्थी का हरफनमौला (ऑलराउंडर) होना जरूरी है क्योंकि परेड के अलावा विद्यार्थी के कल्चर, आर्ट, स्टेज डेकोरेशन, कविता, पब्लिक स्पीकिंग, अनुशासन, टीम भावना, लीडरशिप आदि गुणों को भी महत्व दिया जाता है।
इन विद्यार्थियों का हुआ चयन
गवर्नमेंट बिजनेस कॉलेज-50 की स्मृति गोदारा, पीयू पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की हरसिमरन कौर, पीजीजीसीजी-11 की लतिका भारद्वाज, पीजीजीसीजी-42 की अदिति, देव समाज कॉलेज फॉर वुमन-45 की स्वाहालिया, गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज-26 के राजिंदर सिंह, डीएवी-10 के सागर रॉय, पीजीजीसी-11 के जोसेफ, पीजीजीसी-46 के अभिषेक, पीयू इवनिंग स्टडी के मुस्ताक अली का चयन किया गया है।