चंडीगढ़ में गर्मी ने अप्रैल की शुरुआत में ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जब अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
अधिकतम के साथ अब धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। जो न्यूनतम तापमान कुछ दिन पहले सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा था, वह अब लगभग सामान्य के करीब पहुंच गया है। धीरे-धीरे तापमान 15-16 डिग्री से 18 डिग्री तक पहुंच गया है और अगले तीन दिनों में यह 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। इससे रात के समय में भी लोगों को गर्मी महसूस होने लगेगी। विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार गर्मी समय से पहले ही तेज हो गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 अप्रैल से मौसम में बदलाव आ सकता है। इस दौरान बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में 10 अप्रैल के बाद हल्के बादल छा सकते हैं।
तारीख अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
07 अप्रैल 38 19
08 अप्रैल 39 21
09 अप्रैल 39 22
10 अप्रैल 37 22
11 अप्रैल 36 21