रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने रविवार को राजपुरा-बठिंडा रेलवे डबल ट्रैक की आधारशिला रखी और बठिंडा-फिरोजपुर रेल ट्रैक पर करीब एक करोड़ की लागत से नवनिर्मित ओवरब्रिज का शुभारंभ किया।
इस दौरान पंजाब को तेजस व हमसफर ट्रेने जल्द देने का एलान भी किया । खास बात यह है नवनिर्मित ओवरब्रिज का शुभारंभ इसी माह उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल कर चुके हैं।
इसके बाद दोबारा उसी ओवरब्रिज का शुभारंभ करना चर्चा का विषय बन गया । इस समारोह में राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया मौजूद थे।
रेल मंत्री प्रभु ने कहा कि रेलवे अपनी सेवाओं को और बेहतर बनाएगा और पंजाब उसकी उच्च प्राथमिकताओं में है। ट्रेनों के पार्ट पुर्जे बनाने के लिए हम पंजाब में छोटे उद्योगों को शामिल करेंगे और ऐसी फैक्टरियां यहां लगाएंगे।