लुधियाना में सांझा अध्यापक मोर्चा ने मंगलवार को धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही विधायक कुलदीप सिंह वैद के घर का घेराव कर मांगें पूरी करने के लिए नारेबाजी की। प्रशासन की अध्यापकों को कुलदीप वैद के घर तक जाने से रोकने के लिए की गई कोशिश नाकाम रही। अध्यापकों के रोष को देखते हुए प्रशासन पीछे हट गया। अध्यापकों ने कुलदीप वैद के घर के मुख्य द्वार पर धरना लगाया। अध्यापक करीब डेढ़ घंटे तक बैठे रहे। नेताओं ने कहा कि 7 अक्तूबर से पटियाला में चल रहे अध्यापकों क पक्के मोर्च से बौखला कर सरकार रोज नए फरमान जारी कर रहा है। कैप्टन सरकार लोकतंत्र का लगातार निरादर कर रही है।
बठिंडा में पुलिस ने धक्कामुक्की कर किया बल प्रयोग
बठिंडा में भी मांगों को लेकर विधानसभा के डिप्टी स्पीकर अजायब सिंह भट्टी के आवास का घेराव करने जा रहे अध्यापकों को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस व अध्यापकों में जमकर धक्कामुक्की हुई जिसमें पुलिस ने अध्यापकों पर हलके बल का भी प्रयोग किया व कुछ अध्यापकों पर लाठियां भी भांजी।
अध्यापकों ने सांझा अध्यापक मोर्चा के नेतृत्व में डिप्टी स्पीकर के आवास का घेराव करने का ऐलान किया था जिसे लेकर पुलिस प्रशासन पहले ही मुस्तैद थी। बरनाला में पूर्व कांग्रेसी विधायक केवल ढिल्लो की कोठी घेरने जा रहे अध्यापकों की मंगलवार को पुलिस के साथ हाथापाई हो गई। पुलिस ने अध्यापकों को धक्के मारे और ढिल्लो की कोठी तक नहीं पहुंचने दिया। इस पर अध्यापकों ने वहीं पर रोष प्रदर्शन किया।