चंडीगढ़। सेक्टर-20 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन में कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत शिक्षक के खुदकुशी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शिक्षक जहरीली दवा खाकर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करने चला गया। वह थाने में बयान देते बेहोश हो गया। इसके बाद शिक्षक को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया गया है। ऑल काॅन्ट्रैक्चुअल कर्मचारी संघ ने चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित, उनके सलाहकार राजीव वर्मा, शिक्षा सचिव, उच्च शिक्षा निदेशक को पत्र लिखकर कॉलेज प्रबंधन पर तीन साल से शिक्षक को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पत्र में कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। यूनियन के कर्मचारियों ने शिक्षक के माता-पिता से भी बात की। उन्होंने शिक्षक पर कॉलेज की ओर से बनाए जा रहे दबाव का जिक्र किया। पत्र यूनियन अध्यक्ष बिपिन शेर सिंह, अध्यक्ष अशोक कुमार और महासचिव शिव मूरत की ओर से लिखा गया है। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने बताया कि ऐसा मामला सामने आया है लेकिन कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है। उधर, उच्च शिक्षा निदेशक अमनदीप भट्टी ने बार-बार संपर्क करने पर भी कोई जवाब नहीं दिया।