हर अभिभावक का सपना होता है कि उनका बेटा बड़ा होकर अच्छी नौकरी करे और खूब नाम कमाए। पंचकूला के रहने वाले भूपेश के माता-पिता की भी कुछ ऐसी ख्वाहिश रखते थे। एमबीए करने के बाद भूपेश इंडियन मार्केट रिसर्च ब्यूरो के साथ जुड़े और कई इंटरनेशनल ब्रांड के साथ काम करने का मौका मिला। साल 2014 में वे जापान में जाकर बस गए, लेकिन कुछ नया करने की तड़प ने उन्हें ज्यादा दिन तक वहां टिकने नहीं दिया। साल 2016 में वे वापस आए।
खेतीबाड़ी बैकग्राउंड होने के कारण उन्होंने किसानों के लिए कुछ नया करने की ठानी। काफी रिसर्च के बाद उन्होंने सोचा कि क्यों ना गुड़ की टॉफी बनाकर बाजार में बेचा जाए। काफी कुछ खोने और सीखने के बाद जैगिक कैंडी के नाम से अपने उत्पाद को बाजार में उतारा। यह काम आसान नहीं था। कई धक्के खाने पड़े। मायूसी भी आई। लोगों ने ताने भी मारे कि लाखों की नौकरी छोड़कर यह काम क्यों कर रहे हैं, लेकिन भूपेश अपनी धुन में लगे रहे और कामयाबी भी मिली।
अब उनकी टॉफियां एमेजॉन, फ्लिपकार्ट और स्नेपडील जैसी कई शॉपिंग वेबसाइट पर उपलब्ध है। कई शहरों के स्टोर में भी भूपेश की गुड़ वाली टॉफियां मिलेंगी। ये पांच फ्लेवर में उपलब्ध है। इसमें मुख्य रूप से सौंफ, आंवला, हल्दी, मुरिंगा और अदरक शामिल हैं।