जीरकपुर। सिंहपुरा बस स्टैंड पर भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार उस समय हुई, जब महिला अपने बेटे के साथ बस में सवार हो रही थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संत कृपाल नगर निवासी राहुल (28), जो एयरफोर्स में कार्यरत हैं, 23 अप्रैल की सुबह करीब आठ बजे अपने माता-पिता को सिंहपुरा बस स्टैंड छोड़ने गए थे। उस समय बस स्टैंड पर काफी भीड़ थी। राहुल की मां मधुबाला और पिता बस में चढ़ रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान दो से तीन अज्ञात महिलाएं भी उनके पीछे-पीछे बस में चढ़ गईं। कुछ देर बाद मधुबाला ने गले में देखा तो उनकी सोने की चेन गायब थी।
आरोप है कि महिलाओं ने भीड़ का फायदा उठाकर चेन चोरी की और तुरंत बस से उतरकर कार में बैठकर भाग गईं। राहुल ने अपने स्तर पर आरोपियों की तलाश करने की कोशिश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। उन्होंने पुलिस को बताया कि सामने आने पर वह आरोपियों की पहचान कर सकते हैं। सूचना मिलने पर जीरकपुर थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया। पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।