पंचकूला। जिला में अवैध खनन गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए खनन विभाग और अन्य संबंधित विभागों को एक संयुक्त अभियान चला कर खनन संभावित क्षेत्रो में छापामारी करने के उपायुक्त सुशील सारवान ने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ खनन में प्रयोग किए जाने वाले वाहनों को जब्त किया जाए और एफआईआर दर्ज करवाई जाएं। मंगलवार को जिला सचिवालय के सभागार में अवैध खनन को रोकने के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की आयोजित बैठक की उपायुक्त ने अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह खनन संभावित क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर अवैध माइनिंग में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें और इसकी रिपोर्ट उन्हें प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के मामले में एफआईआर दर्ज करवाने के साथ-साथ जुर्माना भी वसूला जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि आबंटित माइनिंग स्थलों पर तय सीमा से अधिक गहराई तक माइनिंग न की जा रही हो। इसके अलावा उपमंडल कालका में माइनिंग संभावित क्षेत्रों जैसे बुर्जकोटियां, जबरोट, दीवानवाला, बसौला, पपलोहा, नानकपुर (वन), चरनियां और मेहताब माजरा में नियमित तौर पर छापामारी की जाए।
अवैध माइनिंग में 73 मामले दर्ज, 125 वाहन किए जब्त
जिला माइनिंग अधिकारी गुरजीत सिंह ने बताया कि अवैध माइनिंग में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। अप्रैल 2023 से अक्तूबर 2023 तक अवैध माइनिंग में संलिप्त 125 वाहनों को जब्त किया गया है। इसके साथ ही 1 करोड़ 5 लाख 33 हजार 240 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इसके अलावा 73 एफआईआर भी दर्ज की गई हैं।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पंचकूला एसडीएम ममता शर्मा, कालका एसडीएम रुचि सिंह बेदी, एसीपी कालका जोगिंद्र शर्मा, जिला खनन अधिकारी गुरजीत सिंह, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) के एसडीओ अनिल कंबोज, माइनिंग इंस्पेक्टर अतुल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।