चंडीगढ़। रिमझिम गिरे सावन, हो गया है तुझको तो प्यार सजना, चांद मेरा दिल चांदनी और धीरे-धीरे से मेरी जिंदगी जैसे सदाबहार गीतों ने रविवार को टैगोर थिएटर में सजी दिल का आलम म्यूजिकल कॉन्सर्ट की शाम को यादगार बना दिया। जेवीएएम म्यूजिकल ग्रुप, पाथियोस वेलफेयर लीग एवं चंडीगढ़ संगीत नेट अकादमी के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को पुराने दौर की यादों में पहुंचा दिया।
बॉलीवुड अभिनेता राहुल रॉय सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कलाकारों के साथ बस एक सनम चाहिए और धीरे-धीरे से मेरी जिंदगी की सामूहिक प्रस्तुति दी। संगीत निर्देशक परम चंदेल ने चांद मेरा दिल चांदनी और आदर्श गोयल ने रिमझिम गिरे सावन प्रस्तुत किया।
नीना भाटिया और पंकज वर्मा ने हो गया है तुझको तो प्यार सजना, राजेश खरे ने चिंगारी कोई भड़के, बी. रमित ने सांसों की जरूरत है और बलविंदर लूथरा ने रूप तेरा मस्ताना, प्यार तेरा दीवाना सुनाया। शिखा बंसल की हवा हवाई प्रस्तुति को भी सराहना मिली।
याशी शर्मा, डॉ. राजू धीर, सुरिंदर कक्कड़, अनीता रतन, नीरज, पीयूष शर्मा, ज्योति कंसल, आरसी दास, लता, प्रिया, परवीन गर्ग, नैंसी, संजय शर्मा और आशा लूथरा समेत अन्य कलाकारों ने भी गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का समापन सामूहिक गायन से हुआ। पूरा सभागार तालियों से गूंजता रहा।