चंडीगढ़। बेडू पाको बारामासा, ओ नरेण काफल पाको चैत मेरी छैला... जैसे ही टैगोर थिएटर में उत्तराखंड की गायिका कल्पना चौहान ने यह गाना पेश किया तो दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। मौका था रविवार को पौड़ी गढ़वाल एकता मंच चंडीगढ़ की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘उड़ान हौसले की’ कार्यक्रम के आयोजन का। इसमें उत्तराखंड के 13 जिलों से आए महिला और पुरुष दिव्यांग कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गढ़वाली-कुमाऊंनी गीत पेश कर समा बांध दिया। यह कार्यक्रम दिव्यांग प्रतिभाओं के उत्थान और कल्याण के लिए कार्य करने वाले मंच के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय देवेंद्र सिंह रावत को समर्पित रहा। मधुसूदन बलूनी, दीपक बलूनी, अरुण ग्रोवर, भूपेंद्र शर्मा, विक्रम सिंह बिष्ट ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर पार्षद गुरबक्श रावत सिंह बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
मशहूर गायिका कल्पना चौहान ने गाडो गुलाबंद गुलबंद को नगीना और फ्वां बाघा रे... गीत पेश किया तो दर्शक झूमने लगे। जिला पौड़ी गढ़वाल के गांव सिलौनी के रहने वाले पंडित सुधीर ग्वाड़ी ने बैजा दैलया फांगा प्रस्तुत कर लोगों का दिल जीता। हल्द्वानी से आए धन सिंह कोरंगा ने कुमाऊंनी गीत एजा मेरा दानपुरा... गीत गाकर उपस्थित लोगों को अपने गांव की याद दिला दी। निर्मल अनुरागी, चमोली जिले के गांव शिमली निवासी सुरेंद्र कमांडर ने भी अपनी गायकी से खूब तालियां बटोरीं।
पौड़ी गढ़वाल एकता मंच के सचिव और मीडिया प्रभारी अजीत सिंह रावत ने बताया कि उत्तराखंड के सुदूर पहाड़ियों एवं दूरदराज के क्षेत्रों से आए हुए दिव्यांग कलाकारों ने अपनी कला एवं हुनर की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में उत्तराखंड की प्रसिद्ध गायिका कल्पना चौहान के अलावा निर्मल कुमार, विजय बिष्ट, मुकेश कुमार, सतीश मधुल, निर्मला मेहता, प्रेमा विश्वास, रेखा मेहता, नीलिमा रॉय, अंजलि और पिंटू ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। इनके गीतों को प्रसिद्ध संगीतकार राजेंद्र चौहान ने संगीत दिया। मंच के पदाधिकारियों में महेंद्र सिंह रावत, रतन सिंह नेगी, दिलबर सिंह रावत, पदमेंद्र सिंह रावत, अजित सिंह रावत, सुनील गुसाईं, रणवीर बिष्ट, बृजमोहन सिंह रावत, धन सिंह चौहान, सोम प्रकाश कुकरेती सहित अन्य पदाधिकारियों ने आए सभी लोगों का आभार प्रकट किया।
बॉक्स....
दिव्यांग बेटियों की सुने उत्तराखंड सरकार, हमें नौकरी दे
टैगोर थिएटर में आए दिव्यांग कलाकारों में पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी रेखा मेहता, नीलिमा राय, निर्मला मेहता और प्रेमा विश्वास ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्राथमिकता के आधार पर उन्हें नौकरी दे। निर्मला मेहता और प्रेेमा विश्वास ने कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। वे जापान और थाईलैंड में अपने देश के लिए खेल चुकी है। रेखा मेहता नेशनल में स्वर्ण पदक विजेता हैं। नीलिमा रॉय भी राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। दिव्यांग खिलाड़ियों ने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा सार्थक करने के लिए सरकार हम दिव्यांग बेटियों का दर्द समझे। अब दूसरी बार सरकार को बड़ी बहुमत मिली है। हमारी आवाज सुने और हमें नौकरी दे। हमें केवल फोटो फ्रेम तक ही सीमित रखा जाता है। लोग फोटो खिंचवाते हैं और उसके बाद हमारी कोई सुध नहीं लेता। इन खिलाड़ियों ने कहा कि पौड़ी गढ़वाल एकता मंच ने हमें बेहतर मंच दिया है।