चंडीगढ़। विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के दो मामले सामने आए हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर-17 और सेक्टर-36 थाना क्षेत्रों में अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। दोनों मामलों में शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विदेश जाने और नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे कुल 5.50 लाख रुपये लिए गए लेकिन न वीजा मिला और न नौकरी।
थाना-17 पुलिस ने सेक्टर-35/बी निवासी पूनम गौतम की शिकायत पर मोनिका सहगल और अन्य के खिलाफ एफआईआर नंबर 110 दर्ज की है। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने वीजा दिलाने का भरोसा देकर उनसे 3.50 लाख रुपये लिए। रकम देने के बाद भी वीजा नहीं मिला। शिकायतकर्ता ने आरोपियों से संपर्क किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस लेनदेन से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटा रही है।
दूसरा मामला थाना-36 क्षेत्र का है। यशु दीप सिंह की शिकायत पर पुलिस ने एलएफएस प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स, चंडीगढ़, आरपीओ बिल्डिंग, एससीओ नंबर 28-32, चौथी मंजिल, सेक्टर-34ए, चंडीगढ़ और अन्य के खिलाफ एफआईआर नंबर 132 दर्ज की है। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने अजरबैजान में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे 2 लाख रुपये लिए। बाद में नौकरी दिलाने की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों की भूमिका, पैसों के लेनदेन और विदेश भेजने से जुड़े दावों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं अन्य लोगों से भी इसी तरीके से ठगी तो नहीं की गई।