रेलमंत्री के लाख दावों के बाद भी रेलवे की स्थित बदहाल है। यात्रियों को सफाई और पानी की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। ताजा मामला स्वराज एक्सप्रेस ट्रेन का है। मंगलवार को कैंट रेलवे स्टेशन पर बांद्रा से श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्वराज सुपर फास्ट एक्प्रेस (12471) के एसी कोच के यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। यात्रियों ने तब तक गाड़ी को प्लेटफार्म नंबर सात पर रोके रखा जब तक कोच में पानी और सफाई नहीं हो गई। दरअसल ट्रेन में गंदगी और पानी की समस्या को लेकर यात्रियों ने ट्रेन की चेन खींच दी।
एक घंटे तक ट्रेन को स्टेशन पर खड़ी रही। हंगामे के बाद रेलवे स्टेशन डायरेक्टर और स्टेशन अधीक्षक को स्टाफ सहित पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा, जिसके बाद पूरी ट्रेन की सफाई करवाई गई। सफाई तो हो गई मगर एसी ठीक नहीं हो सका। इस प्रक्रिया में ट्रेन करीब एक घंटा कैंट रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। रेल अफसरों ने यात्रियों को आश्वासन देकर जैसे-तैसे ट्रेन को आगे रवाना किया।
गंदगी से परेशान यात्रियों ने खींची ट्रेन की चेन
मंगलवार सुबह अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर 10.55 मिनट पर ट्रेन पहुंची। जैसे ही ट्रेन चलने लगी यात्रियों ने ट्रेन की चेन खींच दी। इसके बाद यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए और ट्रेन में नहीं बैठने की जिद पर अड़ गए। यात्रियों का आरोप था कि जब से वह ट्रेन बांद्रा से निकली है तभी से एसी कोच गंदगी से भरा पड़ा है। इसके चलते टॉयलेट का गंदा पानी कोच के अंदर तक आ गया। जैसे ही गाड़ी अंबाला स्टेशन से चलने लगी तभी यात्रियों ने गाड़ी की चेन खींचकर रोक दिया। इसके बाद यात्री डिब्बों से बाहर आ गए और हंगामा करने लगे।
पानी और गंदगी की कर चुके थे शिकायत
इसी गाड़ी में सफर कर रहे बांद्रा के रमेश पटेल ने बताया कि कोच में पानी न होने और गंदगी फैलने की शिकायत दिल्ली रेलवे स्टेशन के अलावा रेलवे के 182 नंबर पर भी एसएमएस के माध्यम से कर चुके हैं, लेकिन समस्या का कोई निदान नहीं हुआ। मजबूरन अंबाला में आकर ट्रेन की चेन खींचने पड़ी, ताकि इसमें सफाई करवा सके।
न कंबल मिले न चले एसी
बांद्रा के ही मंगेश पूरम ने बताया कि स्वराज एक्सप्रेस केवल नाम की गाड़ी है। ट्रेन में सुविधाएं नाममात्र की हैं। इनमें लगे एसी खराब पड़े हैं और रात को ओढ़ने के लिए कंबल तक नहीं है। जो कर्मचारी सफाई के लिए रखे वे भी केवल खानापूर्ति कर रहे हैं।
हमने खुद की कोच की सफाई
बांद्रा स्टेशन से कटरा के लिए बैठी महिला यात्री मानवी सावन ने बताया कि ट्रेन में पानी न होने से टॉयलेट ब्लॉक हो गए, जिनका गंदा और बदबूदार पानी कोच में घूस गया। जब कोई सफाई कर्मी नहीं आया तो खुद ही सफाई की।
दौड़े-दौड़े आए डायरेक्टर और स्टेशन अधीक्षक
उधर जैसे ही हंगामे की सूचना मिली तो कैंट रेलवे स्टेशन के डायरेक्टर बलजोत सिंह गिल और स्टेशन अधीक्षक हंसराज दौड़े-दौड़े मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचते ही यात्रियों ने उन्हें घेर लिया और पूरी बात बताई। इस दौरान यात्रियों ने ट्रेन की असुविधाओं को लेकर अधिकारियों को काफी खरी-खोटी सुनाई, जिसके बाद अधिकारियों ने तुरंत कर्मचारियों को ट्रेन में पानी भरने के आदेश दिए। इतना ही नहीं स्टेशन डायरेक्टर ने खुद पास खड़े होकर पूरी ट्रेन की सफाई करवाई। यात्रियों को शांत कर ट्रेन में बैठाकर उन्हें आगे के लिए रवाना किया।
यात्रियों की समस्या जायज थी, क्योंकि ट्रेन में पानी और गंदगी फैली हुई थी। जिसके कारण यात्री काफी गुस्से में थे। गाड़ी में पानी भरवाने और सफाई करवाने के बाद ही गाड़ी को आगे रवाना किया गया।
- बलजोत सिंह गिल, डायरेक्टर, रेलवे स्टेशन, अंबाला कैंट।