अगर आपके पास एसयूवी या सूमो या ऐसी ही कोई और बड़ी गाड़ी है तो चंडीगढ़ में मल्टीप्लेक्स में पार्किंग के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे। हालांकि अभी पेड पार्किंग के बढ़े हुए रेट लागू नहीं हो रहे हैं। लेकिन एलांते, पिकाडली और एफआर मल्टीप्लेक्स के बाहर की पेड पार्किंग में एसयूवी गाड़ियों से 25 रुपये शुल्क चार्ज किया जा रहा है। अन्य कारों से 10 रुपये पार्किंग शुल्क चार्ज किया जा रहा है। ज्यादा रेट चार्ज करने का एययूवी कार चालकों में रोष है।
इस समय मल्टीप्लेक्स के बाहर के अलावा सभी पेड पार्किंग आर्य इंफ्रा कंपनी ही चला रही है। नगर निगम ने निर्णय लिया हुआ है कि 19 अक्तूबर तक पुराने रेट ही लागू होंगे। 19 अक्तूबर के बाद बढ़े हुए रेट लागू होंगे। इसलिए शहर की पेड पार्किंग में हर तरह की कार चाहे वह छोटी है या एसयूवी गाड़ी हो सभी में 5 रुपये शुल्क ही चार्ज किया जा रहा है। नई कंपनी पिछले डेढ़ माह से पूरे शहर की पार्किंगों को चला रही है।
कंपनी की ओर से सभी पार्किंगों को स्मार्ट भी किया जा रहा है। नगर निगम के पास भी 25 रुपये चार्ज करने की तीन शिकायतें आ चुकी है इन शिकायतों में ओवरचार्जिंग का आरोप लगाया गया है। जिसका आर्य इंफ्रा कंपनी से जबाव मांगा गया। जिस पर कंपनी ने पुराने टैंडर में दिए गए रेट का जिक्र किया है।
नए टेंडर में एसयूवी से 10 रुपये ही चार्ज होंगे
नगर निगम ने जो 19 अक्तूबर से बढ़े हुए रेट लागू करने का निर्णय लिया है, उसमे एसयूवी सहित सभी तरह की कारों सहित पहले 4 घंटे के 10 रुपये ही चार्ज होंगे। अभी 25 रुपये चार्ज किए जा रहे हैं।
जब सूमो है ही नहीं तो फिर क्यों चार्ज किए जा रहे हैं 25 रुपये
मनीमाजरा निवासी अंकित अरोड़ा का कहना है कि वह वीरवार शाम को एलांते माल में घूमने के लिए स्कार्पियो गाड़ी में गए थ। उनसे कामर्शियल वाहनों से लिए जाने वाला चार्ज 25 रुपये लिए गए। उनका कहना है कि जब सूमो गाड़ी आती ही नहीं है तो कंपनी फिर सभी एसयूवी गाड़ियों से क्यों बढ़ा हुआ चार्ज ले रही है। वह पहले भी जाते थे, तब 10 रुपये ही चार्ज किए जाते थे।
साल 2008 से सूमो को शामिल किया गया है
साल 2008 से ही टेंडर में सूमो शामिल किया गया है। उस समय कई लोग सूमो का कामर्शियल प्रयोग करते थे, इसलिए मल्टीप्लेक्स के बाहर पार्किंग के बाहर कामर्शियल और मिनी बस के साथ सूमो को भी शामिल कर दिया गया। इन तीनों का 25 रुपये शुल्क रखा गया।
पहले से लागू रेट ही चार्ज किए जा रहे हैं। पुराने टैंडर के रेट के अनुसार मल्टीप्लेक्स के बाहर की पेड पार्किंग में कामर्शियल, मिनी बस और सूमो गाड़ी से 25 रुपये का शुल्क चार्ज करने की बात की गई है ।अब सूमो गाड़ियां नहीं हैं, इसलिए जो भी सूमो के बराबर की एसयूवी गाड़ियां हैं, उनसे 25 रुपये का शुल्क ही चार्ज किया जाता है। - - संदीप बोहरा आर्य इंफ्रा कंपनी के प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर