शिमला। बिशप कॉटन स्कूल (बीसीएस) के तीन बच्चों के लापता होने के मामले में जिला पुलिस ने 24 घंटों में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इनमें स्कूल के गेट से लेकर खलीनी बाजार, रिज, माल रोड समेत जिलेभर में चौराहों और सड़कों के किनारे लगे कैमरों की पड़ताल की गई। एसएसपी शिमला संजीव कुमार गांधी की अगुवाई में पुलिस के 150 से अधिक कर्मचारी बच्चों को तलाश करने में डटे रहे। पुलिस को खलीनी चौक में उस समय अहम सुराग मिला, जब बच्चे स्कूल से कैमरों में निकलते हुए तो दिखाई दिए लेकिन खलीनी चौक पर नहीं दिखे। इस दौरान खलीनी चौक में दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक दिल्ली नंबर की आई-10 गाड़ी पुलिस को दिखाई दी। इसका चालक सफेद रंग की शर्ट पहने हुए था। इसी गाड़ी में तीनों बच्चों के बैठे होने का शक हुआ। इसी गाड़ी को पुलिस ने शहर समेत अपर शिमला की ओर जाने वाले रास्तों में लगे कैमरों की मदद से तलाश करने के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस की टीमें रातभर गाड़ी को तलाश करती रहीं। इस दौरान कभी गाड़ी पुलिस की पहुंच से बाहर हो जाती थी तो कभी लगता कि पकड़ में आने वाली है। इसी जद्दोजहद में पुलिस ने रविवार दोपहर कोकूनाला के समीप चैंथला रोड पर घर से तीनों बच्चों को सही सलामत बरामद कर लिया।
रात को ही पहुंच गए थे परिजन, खलीनी में निजी होटल में ठहरे
तीनों बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही कुल्लू, मोहाली और करनाल से परिजन रात को ही शिमला पहुंच गए थे। सभी खलीनी में ही एक निजी होटल में ठहरे थे। रविवार को दिनभर परिजन स्कूल परिसर और यहां वहां बच्चों की तलाश के लिए भटकते दिखे। इस दौरान अभिभावक बच्चों के लापता होने पर बिलखते हुए भी नजर आए। लापता बच्चों में एक बच्चा पंजाब में आप सरकार के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस का रिश्तेदार है। हरजोत सिंह बैंस भी रविवार को शिमला पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने लापता बच्चों की तलाश के लिए एडीशनल एसपी नवदीप सिंह और डीएसपी अमित ठाकुर की अगुवाई में टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक की जांच में पता चला है कि हर शनिवार को छठी से बारहवीं कक्षा के बच्चे आउटिंग डे पर बाहर जाते हैं। हर शनिवार को बच्चे सुबह 10:00 बजे से बाहर घूमने के लिए निकलते थे लेकिन रविवार को रिहर्सल होने के कारण बच्चे दोपहर 12:00 बजे के करीब स्कूल से बाहर निकले। इसके बाद तीनों बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए।
ग्रुप में आउटिंग के लिए निकले थे छात्र, गेट से निकलते ही हो गए गायब
राजधानी के बिशप कॉटन स्कूल से लापता हुए तीनों छात्र शनिवार को एकसाथ ग्रुप में आउटिंग के लिए निकले थे। स्कूल प्रबंधन के अनुसार हर शनिवार को चौथी से लेकर 12वीं कक्षा तक के छात्र आउटिंग पर जाते हैं। इनमें चौथी और पांचवीं कक्षा के छात्रों के साथ एक शिक्षक की ड्यूटी लगती है। वहीं, छठी से लेकर 12वीं कक्षा तक के छात्र ग्रुप में आउटिंग के लिए जा सकते हैं। ये अपनी स्वेच्छा से टैक्सी या बस में आवाजाही कर सकते हैं। जो तीन छात्र शनिवार को लापता हुए थे, वे तीनों छठी कक्षा के छात्र हैं। ये तीनों एकसाथ शनिवार दोपहर 12:00 बजे स्कूल के फॉरेस्ट गेट से बाहर निकले थे। बाहर से ही यह गायब हो गए। शाम 5:00 बजे बाजार से लौटने के बाद स्कूल परिसर में सभी छात्रों की गणना की गई। जब तीन छात्र गायब मिले तो बाकियों से इनके बारे में पूछा गया। बाकी छात्र इनके बारे में जानकारी होने से इन्कार करते रहे। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। वहीं, रविवार को गायब हुए छात्रों के मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने बैठक की। इसके बाद अब सोमवार को फिर से बैठक बुलाई गई है। इसमें छात्रों की आउटिंग के दौरान इनकी सुरक्षा को लेकर फैसला लिया जा सकता है।