अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) को लेकर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने तीन बड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है कि वह 6 जून से लगातार नीट में विवादों, आशंकाओं व गडबड़झाले को उजागर कर रहे हैं। वीरवार को सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका पर निर्णय से नीट के 24 लाख बच्चों को कोई फायदा नहीं हुआ। केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) 1,563 बच्चों की दोबारा परीक्षा कराने की आड़ में पूरे मामले पर पर्दा डालने का काम कर रहे हैं।
नीट पर सुरजेवाला ने उठाए ये तीन सवाल
पहला: क्या नीट का पेपर लीक हुआ और क्या इसकी जांच हुई। क्या ये सही नहीं कि पटना से पेपर लीक की खबर आई। मीडिया में 60 करोड़ रुपये के लेन-देन की खबरें भी आईं। जब पटना में एफआईआर दर्ज हुई, तो उसका क्या हुआ।
दूसरा: 67 टॉपर कैसे हो सकते हैं, जिनके 720/720 नंबर हों। जिन 1,563 बच्चों की दोबारा परीक्षा हो रही है, उनमें से 6 टॉपर बच्चे निकाल भी दें, तो भी 61 बच्चे टॉपर कैसे हो सकते हैं।
तीसरा: हजारों बच्चों के इतने ज्यादा नंबर कैसे आए कि नीट का पूरा समीकरण ही बिगड़ गया। क्या इसका कारण पेपर लीक है या कुछ और। इन सब बातों की जांच होनी चाहिए न कि लीपापोती, जो मोदी सरकार कर रही है। क्या नीट का टेक्निकल व फॉरेंसिक ऑडिट होगा, क्योंकि तभी दूध का दूध व पानी का पानी होगा।