चंडीगढ़। शहर में मौसम ने सोमवार को कई रंग दिखाए। सुबह से लेकर दोपहर तक कड़ी धूप रही लेकिन साढ़े तीन बजे के करीब अचानक मौसम ने करवट ले लिया। तेज हवाएं चलने लगीं और बादल छा गए। मौसम विभाग ने भी बारिश का पूर्वानुमान जारी कर दिया लेकिन कुछ मिनटों तक हुई बूंदाबांदी के बाद मौसम साफ हो गया। इसके बाद फिर शाम को काले बादल छा गए।मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। बीते दिनों हुई बारिश की वजह से शहर का तापमान अभी भी सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है, जिसकी वजह से गर्मी से फिलहाल थोड़ी राहत है लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ती जाएगी। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है कि अगले एक हफ्ते में शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान मौसम साफ रहेगा और बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।