थर्मल के खेल स्टेडियम में गुरूवार को होने वाली कन्वेंशन संबंधी हो रही तैयारियों का जायजा लेने बुधवार शाम को पहुंचे पूर्व नेता प्रतिपक्ष सुखपाल सिंह खैरा ने बगावती तेवर दिखाते हुए कहा कि कन्वेंशन में जुटने वाली भीड़ से पहले ही कांग्रेस व अकाली नेताओं के अलावा आप के दिल्ली नेता भी बौखलाहट में हैं। जिसके चलते आप नेताओं ने दो अगस्त को ही पंजाब के आप विधायकों की दिल्ली में बैठक बुलाई है।
खैरा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पंजाब के लोगों के हितों के लिए ही कन्वेंशन रखी गई है और पार्टी के दिल्ली के नेताओं की ओर से पंजाब के प्रति लिए जा रहे गलत निर्णय को लेकर कन्वेंशन में पंजाब के आप वर्करों से राय ली जाएगी। उन्होंने पंजाब सरकार पर भी कन्वेंशन को रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। खैरा ने कहा कि पिछले 72 घंटों में कांग्रेस व अकाली और आम आदमी पार्टी से उनका विरोध करने वाले नेताओं ने बड़ी अफवाहें फैलाने की कोशिश की।
लेकिन अब लोग जाग चुके हैं और पंजाब के लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे कि दूसरी पार्टियों की तरह आम आदमी पार्टी में फैसले भी दिल्ली से ट्वीट या टेलीफोन कल्चर से हो। खैरा ने कहा कि कांग्रेस उनको अकाली दल की बी टीम बता रही और अकाली दल वाले उन्हें कांग्रेस से मिला बता रहे हैं। जबकि आप नेता तो उनको आरएसएस के साथ जोड़ रही है। खैरा ने कहा कि पहले तीनों पार्टियों से उनका विरोध करने वाले निर्णय कर लें, फिर उन पर आरोप लगाएं। खैरा ने कहा कि पंजाब का बेड़ा गर्क अकाली दल व कांग्रेस के दो परिवारों ने किया है।
जिन्होंने दोनों हाथों से पंजाब को लूटा है। खैरा ने आरोप लगाया कि पंजाब के लीडरों ने ही सिस्टम को बर्बाद किया है। क्योंकि जिन अफसरों की शिकायत लोग नेता से करते हैं, उसी अफसर से तो नेता प्रति माह वसूली करते हैं। ऐसे में वो लोगों को क्या इंसाफ देंगे। उन्होंने कहा कि लोग उनके साथ किसी पद को लेकर नहीं बल्कि सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए जुडे़ हैं। खैरा ने उम्मीद जताई कि गुरूवार को होने वाली कन्वेंशन में 90 फीसदी आप वर्कर पहुंचेंगे।