कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में गए पूर्व विधायक सुखपाल खैरा को वही पद दोबारा मिल गया है, जो कांग्रेस में उनके पास रहा। आम आदमी पार्टी ने खैरा को पंजाब का प्रवक्ता बनाया है।
कांग्रेस में रहते हुए खैरा ने कई मुद्दे उठाए और मौजूदा सरकार के खिलाफ भी आवाज बुलंद करते रहे हैं। उन्हें कांग्रेस का फायर ब्रांड नेता माना जाता रहा है। अब वह आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता के तौर पर अपनी भूमिका निभाएंगे।
उधर, आम आदमी पार्टी का यूथ विंग पंजाब के लोगों को जन मुद्दों के प्रति जागरूक करने के लिए फतेहगढ़ साहिब से हुसैनीवाला तक पैदल मार्च करेगा। युवा विंग के अध्यक्ष हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि मार्च करीब 275 किलोमीटर का होगा। यह गांवों में जाकर लोगों को जन और ज्वलंत मुद्दों के प्रति जागरूक करेगा।
पैदल मार्च की शुरूआत फतेहगढ़ साहिब की पावन धरती से शुरू होकर क्रांतिकारी शहीदों की सरजमीं हुसैनीवाला में एक राज्य स्तरीय रैली के साथ समाप्त होगा। बैंस ने कहा कि पैदल यात्रा का उद्देश्य उन सभी ज्वलंत मुद्दों के प्रति सामूहिक जन-चेतना लाना है, जिन्होंने पंजाब को बेचैन और बदहाल कर रखा है।
इस अवसर पर उनके साथ उपाध्यक्ष मीत हेयर, रणदीप सिंह बल्ल, रणदीप सिंह बैदवान, सचिव सुखदीप सिंह अपरा, संयुक्त सचिव विपुल पुरी और एडवोकेट परमवीर सिंह मौजूद थे।