चंडीगढ़। सुखना लेक बॉलीवुड के लिए हॉट स्पॉट बन गई है। वर्ष 2019 में 99 बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग चंडीगढ़ में की गई। इन फिल्मों में 60 फीसदी दृश्य सुखना लेक पर फिल्माए गए। 25 फीसदी सतारा प्लाजा और 15 फीसदी रॉक गार्डन में दृश्य फिल्माए गए।
सुखना लेक सिटी ब्यूटीफुल में हिमालय की शिवालिक पहाड़ियों की तहलटी में स्थित एक ऐसा सरोवर है, जो अपनी खूबसूरती से हर किसी को बरबस अपनी ओर खींच लेती है। यह झील वर्ष 1958 में 3 किलोमीटर क्षेत्र में बरसाती झील सुखना खाड (चोई) को बांध कर बनाई गई थी। इस झील का बॉलीवुड भी खूब दीवाना है। बड़े स्टारों को लेकर बनाई जा रही इन फिल्मों की शूटिंग के 60 फीसदी दृश्य सुखना झील पर फिल्माए गए। इसके लिए फिल्म निर्माताओं की ओर से शहर के पर्यटन विभाग और डीसी ऑफिस के साथ वन विभाग के द्वारा एनओसी ली गई। विभागों से मिली जानकारी के अनुसार बॉलीवुड के बड़े बड़े फिल्म निर्माताओं की ओर से शहर का दिल कहे जाने वाले सतारा प्लाजा और रॉक गार्डन में शूटिंग के लिए आवेदन किया गया था। पर्यटन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 2020 के लिए फिल्मों की शूटिंग को लेकर विभाग कार्य योजना बना रहा है।
-------
क्यों खास है सुखना
- सुसाइड टावर
सुखना पर स्थित सुसाइड टावर बॉलीवुड को खास पसंद है। कई साल पहले इस टावर पर चढ़कर झील में कई लोग कूद जाते थे, जिसके बाद इसका नाम सुसाइड टावर रख दिया गया, लेकिन अब यूटी प्रशासन के निर्देश पर टावर के जरिए झील का जल स्तर मापा जाता है।
- पीपल का पेड़
सामान्य सा पीपल का पेड़ खास कैसे हो सकता है। इसके पीछे की बात यह है कि जब चंडीगढ़ वजूद में भी नहीं था तब से सुखना पर पीपल का यह पुराना पेड़ है। सुखना प्रबंधन की तरफ से इसकी देखभाल के लिए विशेष इंतजाम भी किए जाते हैं।
- शिकारा राइड
शिकारा राइड का नाम सुनते ही जहन में कश्मीर का नाम आता है, लेकिन पर्यटन विभाग की ओर से सुखना में भी शिकारा राइड का इंतजाम किया गया है। कश्मीर में डल झील के कुछ दृश्यों को सुखना के शिकारा में फिल्माया गया है।
2019: गुड न्यूज का रहा दबदबा
वर्ष 2019 में चंडीगढ़ शहर में अक्षय कुमार स्टारर गुड न्यूज के भी कुछ दृश्य फिल्माए गए। इसके अलावा आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा और शाहिर कपूर की जर्सी की शूटिंग सुखना, सतारा प्लाजा और रॉक गार्डन में की गई।
2020: आमिर रहेंगे शहर में
पर्यटन विभाग और डीसी ऑफिस से मिली जानकारी के अनुसार 2020 में बॉलीवुड के दो बड़े स्टार अपनी फिल्मों की शूटिंग के लिए चंडीगढ़ आएंगे। आमिर खान अपनी आने वाली फिल्म लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग के लिए चंडीगढ़ आएंगे। 2019 की सबसे बड़ी हिट फिल्म देने वाले शाहिद कपूर भी अपनी फिल्म जर्सी की शूटिंग सेक्टर- 22 के गार्डन में कर रहे हैं।
किस महीने कितनी फिल्मों की हुई शूटिंग
माह फिल्मों की संख्या
जनवरी 10
फरवरी 10
मार्च 14
अप्रैल 10
मई 08
जून 04
जुलाई 04
अगस्त 10
सितंबर 07
अक्तूबर 09
नवंबर 11
दिसंबर 02
कुल 99