चंडीगढ़। फिरोजपुर के सांसद एवं अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी के चुनाव में सोई ने जिस रिकॉर्ड से अध्यक्ष पद जीता है, उतने ही रिकॉर्ड के साथ अब पंजाब में भी हम सरकार बनाएंगे। इसकी तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने पीयू छात्र संघ अध्यक्ष चेतन चौधरी से कहा कि पंजाब में जब उनकी सरकार बनेगी तो पीयू को जो संभव मदद होगी की जाएगी और संगठन को और मजबूत किया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाई।
पीयू छात्र संघ अध्यक्ष चेतन चौधरी सोई संगठन से चुनाव लड़े थे। यह अकाली दल की यूथ विंग है। जीतने के बाद पहली बार शनिवार को चेतन चौधरी सेक्टर-28 स्थित अकाली दल कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि सभी की मेहनत के बलबूते जीत हासिल हुई है। इस दौरान चेतन का स्वागत भी किया गया। बड़ी संख्या में सोई के कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे थे।