चंडीगढ़। नौ साल पुराने मानहानि मामले में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को चंडीगढ़ जिला अदालत में सरेंडर किया। अदालत ने उन्हें जमानत दे दी। इससे पहले लगातार पेश न होने के चलते पिछले महीने अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर जमानत रद्द कर दी थी।
यह मामला साल 2017 में धार्मिक संगठन अखंड कीर्तनी जत्थे के प्रवक्ता राजिंदर पाल सिंह की ओर से दायर किया गया था। शनिवार को अदालत में पेश होते हुए सुखबीर बादल ने सरेंडर किया और जमानत के लिए आवेदन किया। उनके वकील ने अदालत को बताया कि इस मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में दायर याचिका 17 अक्तूबर 2025 को खारिज हो चुकी थी जिसकी जानकारी बादल को समय पर नहीं मिल सकी।
विज्ञापन
वकील ने दलील दी कि हाईकोर्ट और जिला अदालत से जुड़े मामलों की जानकारी पहले उनके निजी सहायक चरणजीत सिंह बराड़ संभालते थे, जिन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। इसी कारण तारीखों की सूचना न मिलने से बादल अदालत में पेश नहीं हो सके। उन्होंने जानबूझकर अदालत की अवहेलना नहीं की। दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने जमानत अर्जी मंजूर कर ली।
क्या है पूरा मामला
मामले के अनुसार 4 जनवरी 2017 को दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अखंड कीर्तनी जत्थे के प्रवक्ता राजिंदर पाल सिंह के घर पहुंचे थे। इस मुलाकात के बाद सुखबीर बादल ने मीडिया में संगठन को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने जत्थे को एक आतंकवादी संगठन का राजनीतिक चेहरा बताया था। राजिंदर पाल सिंह का आरोप है कि इस बयान से उनके संगठन की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा, जिसके चलते उन्होंने चंडीगढ़ जिला अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया।