सरकारी स्कूलों में 6 साल से पढ़ा रहे कांट्रैक्ट कंप्यूटर टीचर्स का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को 15वें दिन भी जारी रहा। सेक्टर-20 स्थित मस्जिद ग्राउंड में 80 के करीब कंप्यूटर टीचर्स ने शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कुछ शिक्षक भूख हड़ताल पर भी बैठे थे। पंजाब सरकार की तर्ज पर रेगुलर किए जाने को लेकर मंगलवार को चंडीगढ़ कंप्यूटर टीचर्स यूनियन के चार सदस्यों का दल पंजाब के मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल से मिला। प्रधान पूनम की अगुवाई में शिक्षकों ने सुखबीर बादल से चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों द्वारा उनके हकों की अनदेखी का मामला रखा। पूनम के अनुसार बादल ने तुरंत इस मामले में कुछ अधिकारियों से बातचीत कर मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उधर कंप्यूटर टीचर्स के समर्थन में बुधवार को मस्जिद ग्राउंड में पंजाब और यूटी की 35 एसोसिएशन और यूनियन एकजुट होकर आवाज उठाएंगी। पूनम ने बताया कि संघर्ष रैली में काफी संख्या में कर्मचारी उनका साथ देंगे। उन्होंने कहा कि सभी यूनियन के पदाधिकारी मिलकर आगे की कार्रवाई को लेकर मंथन करेंगे।