चंडीगढ़। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन (सीबीआई) की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने चंडीगढ़ पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू), सेक्टर-17 में तैनात सब-इंस्पेक्टर हुसैन अख्तर को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया है। वहीं, ईओडब्ल्यू में तैनात सब-इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार फरार बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक करोड़ों के घपले के मामले में केस की जांच से जुड़े हुसैन अख्तर ने शिकायतकर्ता के भाई को राहत देने की एवज में पांच लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी, जिसका सौदा बाद में ढाई लाख में तय हुआ।
शिकायतकर्ता ने इस मामले की शिकायत सीबीआई को दे दी। सीबीआई ने पूरी तैयारी के साथ शिकायतकर्ता को आरोपियों के पास भेजा और रिश्वत की रकम देते ही एसआई हुसैन अख्तर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एसआई कृष्ण कुमार फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। वहीं, देर शाम तक दोनों पुलिस अफसरों के घरों में भी सीबीआई की छानबीन चली। सीबीआई ने यह ट्रैप दोपहर के वक्त लगाया था, जिसके बाद टीम काफी देर तक ईओडब्ल्यू के दफ्तर में रही और दस्तावेज जुटाए।
सीबीआई ने भ्रष्टाचार निरोधक कानून की विभिन्न धाराओं में यह मामला दर्ज किया है। आरोपी हुसैन अख्तर को शनिवार को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक सीबीआई पूछताछ के लिए ईओडब्ल्यू के एक बड़े अधिकारी को भी जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दे सकती है। बता दें कि ईओडब्ल्यू में एक करोड़ रुपये से ज्यादा के मामलों की जांच होती है। ऐसे में धोखाधड़ी के जिस मामले में आरोपी पुलिस अफसर रिश्वत मांग रहे थे वह भी करोड़ों के घपले से जुड़ा है।