चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय अब जल्द पढ़ाई का फीडबैक छात्रों से लेगा। यह कार्य अब अंतिम चरण में है। इस संबंधी पीयू कमेटी की बैठक हुई है। तीन सप्ताह में फीडबैक फार्म विद्यार्थियों व शिक्षकों तक पहुंच जाएंगे। विद्यार्थी ऑनलाइन ही फीडबैक देंगे। पीयू कमेटी ने इसका पूरा खाका तैयार कर लिया है।
2015 से पीयू फीडबैक फार्म पर काम कर रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल पाई। बीच में कुछ महीनों के लिए कुछ ही विभागों में यह योजना चली, लेकिन बाद में फिर बंद हो गई। अब कोरोना के कारण विद्यार्थी घरों पर हैं। ऑनलाइन ही पढ़ाई चल रही है। अब फीडबैक का अधिक महत्व हो गया है क्योंकि ऑनलाइन शिक्षण कार्य प्रभावी बनाना जरूरी है। इसी को देखते हुए पीयू कमेटी ने बैठक की है। निर्णय लिया गया है कि विद्यार्थी विभाग को फीडबैक देंगे। विभाग के अध्यक्ष फीडबैक को देखेंगे और उसके मुताबिक आगामी निर्णय लेंगे। शिक्षकों को भी इस पर काम करना होगा। यदि किसी विद्यार्थी को कुछ समझ में नहीं आया तो फिर उसके लिए अलग से कक्षाएं आदि लगानी पड़ सकती हैं। आईक्यूएसी निदेशक डॉ. आशीष जैन कहते हैं कि फीडबैक का खाका पूरी तरह तैयार है। तीन सप्ताह में यह लागू हो जाएगा।