चंडीगढ़। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस की रोड सेफ्टी टीम ने बुधवार को सेक्टर-23 के चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क में स्कूली छात्रों को जागरूक किया। ट्रैफिक पुलिस ने सेक्टर-24 के गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल के 42 विद्यार्थियों और दो शिक्षकों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने, ट्रैफिक संकेतों की पहचान, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व सहित विभिन्न ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक किया गया। टीम ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।