चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में वाइस चांसलर दफ्तर के बाहर संध्या विभाग के विद्यार्थी शुक्रवार को हॉस्टल की सीटें बढ़ाने को लेकर धरने पर बैठे। एनएसयूआई संध्या विभाग के कार्यकर्ता वीरवार दोपहर से संध्या विभाग के बीए और एमए के विभिन्न कोर्स के छात्रों के लिए सुबह के कोर्स के बराबर ही हॉस्टल सीटों की मांग कर रहे हैं।
एनएसयूआई कार्यकर्ता अर्शदीप ने कहा कि जब तक संध्या विभाग के छात्रों की मांगें मानी जातीं तब तक छात्र अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे रहेंगे। छात्रों ने बताया कि वह दो दिन से धरने पर बैठे हैं लेकिन कोई भी प्रशासनिक अधिकारी उनसे मिलने नहीं आया। संध्या विभाग के छात्रों को यूनिवर्सिटी की हर सुविधा से वंचित रखा जाता है। संध्या विभाग में बीए में 200 छात्रों की कक्षा में सिर्फ तीन छात्रों को हॉस्टल दिया जाता है जबकि एमए की 68 छात्रों की कक्षा में सिर्फ एक छात्र को हॉस्टल दिया जाता है। सुबह के कोर्स में छात्रावास आवंटन की संख्या कुल सीटों की 10 से 15 प्रतिशत है। संध्या विभाग की कक्षाएं रात के नौ बजे तक लगती हैं ऐसे में दूसरे राज्यों की लड़कियों का रात को पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर से बाहर जाना उनकी सुरक्षा के लिहाज से भी सही नहीं है।
संध्या विभाग में दो हजार के करीब छात्र, कोई सुविधा नहीं
पंजाब यूनिवर्सिटी में संध्या विभाग में करीब दो हजार छात्र पढ़ते हैं। जिनकी कक्षाएं शाम 4 बजे से लेकर रात 9 बजे तक लगती हैं लेकिन इन छात्रों को पंजाब यूनिवर्सिटी की तरफ से कोई सुविधा नहीं दी जाती है। विभाग के पास अपनी कोई कैंटीन नहीं है और पीयू परिसर की दुकानें भी नौ बजे तक बंद हो जाती हैं। विभाग के छात्रों को हॉस्टल की सुविधा भी नहीं दी जाती है। संध्या विभाग में बीए के अलावा बीकॉम और पांच स्ट्रीम में एमए के कोर्स संचालित किए जा रहे हैं।