चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी को जी-20 यूथ इंटरनेशनल सेमिनार की मेजबानी करने का मौका मिला है। इसका आयोजन चार मार्च को किया जाएगा। इस संबंध में प्रेस वार्ता कर पीयू वाइस चांसलर प्रो. रेणु विग की ओर से जानकारी दी गई। इसका विषय फ्यूचर ऑफ वर्क : इंडस्ट्री 4.0 एंड इनोवेशन एवं साझा भविष्य, लोकतंत्र और शासन में युवा होगा। इसमें पीयू के छात्रों के साथ संबंधित 200 कॉलेजों के छात्रों को भागीदारी का मौका मिलेगा।
इस दौरान विद्यार्थियों के लिए 15 से 28 फरवरी तक घरेलू हिंसा, नशीली दवाओं के दुरुपयोग, एनआरआई विवाह और आरटीआई पर जागरूकता इत्यादि विषयों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जाएगा। कॉलेज और विभाग स्तर पर विजेता विद्यार्थियों को चार मार्च के कार्यक्रम में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में विदेशी संस्थानों के छात्र भी सेमीनार में हिस्सा लेंगे। आयोजन के नोडल अधिकारी प्रो. ज्योति रतन ने भारत द्वारा जी-20 की अध्यक्षता और पीयू की ओर से आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। ऑनलाइन निबंध लेखन प्रतियोगिता, माई-20, खेल गतिविधियां, भाषण इत्यादि प्रतियोगिताएं पीयू जी-20 पखवाड़े के तहत आयोजित की जाएंगी। पखवाड़े के तहत पंजाब के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और रयात कॉलेज के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करवाए जाएंगे।