चंडीगढ़। स्कूल और कॉलेज खुल गए हैं, लेकिन पंजाब यूनिवर्सिटी अभी छात्रों ने लिए नहीं खोला गया है। इससे विद्यार्थियों में आक्रोश पनपने लगा है। विद्यार्थियों ने पीयू प्रशासन को मेल कर कहा है कि जल्द से जल्द कैंपस खोला जाए।
चंडीगढ़ में कॉलेजों को खोलने की प्रक्रिया काफी समय पहले शुरू हो गई थी। हरियाणा में भी एक बार खोले गए। अब 1 फरवरी से हिमाचल प्रदेश आदि में भी स्कूल आदि खोले जा रहे हैं। इन सभी को देखते हुए अब विद्यार्थी चाहते हैं कि पीयू भी खोला जाए। पीयू से बीए कर रहे छात्र रोहितसिंह, सुभाष शर्मा आदि ने मेल भेजे हैं। कहा है कि पीयू में बड़े विद्यार्थी पढ़ते हैं जिनको सभी कार्यों की समझ होती है। वह कोरोना की गाइडलाइन आदि का आसानी से पालन कर सकते हैं। सबसे पहले विश्वविद्यालय खोले जाते, लेकिन अब तक निर्णय नहीं लिया गया।
विद्यार्थियों ने कहा है कि ऑनलाइन पढ़ाई पूरी तरह कारगर नहीं हो पा रही है। इसके लिए विद्यार्थियों को कैंपस बुलाया जाए ताकि समस्याओं का निपटारा हो सके। कैंपस खुलेगा तो तमाम समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों की अन्य समस्याओं की ओर भी पीयू का ध्यान आकृष्ट किया है। कहा है कि विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।