चंडीगढ़। पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स सेक्टर-11 में रविवार को 7 दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुभारंभ हुआ। स्वस्थ युवा, स्वस्थ राष्ट्र: शरीर, मन और समुदाय के लिए पोषण थीम पर आयोजित शिविर में 150 एनएसएस स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। शिविर की खासियत है कि इसे गोद लिए गए गांव खुड्डा जस्सू तक भी ले जाया गया है जहां छात्र ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, संतुलित आहार, योग, ध्यान और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक कर रहे हैं। स्वयंसेवकों ने गांव में स्वच्छता अभियान, अपशिष्ट प्रबंधन पर जागरूकता और पाैधरोपण जैसी गतिविधियां शुरू की हैं जिनसे गांव के वातावरण में सकारात्मक बदलाव नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी दिखाई।